अमीनगर सराय (बागपत)। बालैनी थाना क्षेत्र के नवादा गांव में ईंट भट्ठे पर दो दिन पहले ईंटों की ग्रिड में गिरकर मुनीम की मौत के मामले में गांव के चौकीदार की तहरीर पर भट्ठा मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शनिवार को बालैनी थाना क्षेत्र के नवादा गांव में स्थित ईंट भट्ठे पर अमीनगर सराय कस्बे के रहने वाले भट्ठा मुनीम मणिकांत पुत्र सलेख चंद भट्ठे की ग्रिड में गिर गया था। इससे उसकी जलकर मौत हो गई थी। भट्ठा मालिक ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर समझौता कर लिया था। इसके चलते कोई पुलिस कार्रवाई नही हुई । बिना अनुमति के ईंट भट्ठा चल रहा था। इसी को लेकर अब बालैनी पुलिस ने मामले में एक्शन लेते हुए गांव के चौकीदार धर्मपाल की तहरीर पर भट्ठा मालिक नवीन गुप्ता निवासी अमीनगर सराय के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसआई उवेश खान का कहना है की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इसमें जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।