छपरौली (बागपत)। चोर कूड़ी गांव में सैनिक के मकान से नगदी, जेवरात समेत लाखों का सामान चुराकर ले गए। कूड़ी गांव निवासी कपिल पुत्र तेजपाल आर्मी में जोधपुर में तैनात है। 16 मई को वह घर छुट्टी आया । सोमवार को सैनिक अपने भाई और भाभी के साथ रिश्तेदारी में गया । घर में उसकी मां और आठ वर्षीय मौसी का बेटा मौजूद थे। रात्रि में मां मकान के आंगन में सोई थी। सुबह उठ कर देखा तो अंदर कई कमरों में सामान बिखरा मिला। अलमारी के ताले टूटे मिले, इसमें बदमाश नगदी और जेवर चोरी कर ले गए। उसने सैनिक कपिल को मोबाइल पर चोरी के बारे में बताया। सैनिक ने बताया कि घर से आठ हजार रुपये की नगदी, सोने की चेन, मंगलसूत्र समेत डेढ़ लाख का सामान चोरी हुआ है। चोरी सैनिक कपिल का आर्मी का आई कार्ड भी चुराकर ले गए। उसने थाने में तहरीर दी। ब्यूरो