बागपत। टेलीफोन एक्सचेंज के पास मजदूर के घर में घुसकर पड़ोस के ही युवकों ने फायरिंग की और मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले ही आरोपी फरार हो गए। यमुना रोड निवासी दिलशाद पुत्र जहीर ने बताया कि उसने पड़ोस के ही फिरोज को 50 हजार रुपये उधार दिए थे। तगादा करने पर बुधवार रात फिरोज ने कुछ लोगों के साथ उसके घर पर हमला बोल दिया। फायरिंग भी की। इसमें दिलशाद घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। पीड़ित ने तहरीर दे दी है।
काटने के लिए बैल चोरी, बेहोश मिला
बागपत। पुराने कस्बे से एक बैल गायब हो गया। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन बैल बरामद नहीं हो सका। मोहल्ले के लोगों ने तलाश की तो एक खेत में बैल बेहोश मिला। सीओ दिलीप कुमार और कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक को बुलाकर इलाज कराया गया। भगवा सेना के जिलाध्यक्ष रवि चौहान का कहना है कि बैल चोरी कर कटान की तैयारी थी। इससे पहले भी इस तरह का मामला पकड़ा जा चुका है।