खेकड़ा। कस्बे में मुबारिकपुर मार्ग पर चौराहे के पास दो वर्ष पहले एक मानसिक रूप से कमजोर और मूक-बधिर युवक कहीं से आकर रहने लगा। वह दिनभर इधर-उधर घूमता रहता था और रात में मुबारिकपुर मार्ग पर दुकानों के बाहर ही सोता था। आसपास के लोग उसे खाना देते थे।
मंगलवार सुबह मार्ग पर मीतली रजबहे के पास उसका शव पड़ा मिला। शव को देखकर आसपास के लोगों ने कोतवाली पुलिस को उसके बारे में बताया। दुकानदार बिट्टू, सारिक और शौकीन ने बताया कि मानसिक रूप से कमजोर युवक कई दिनों से बीमार था। उन्होंने बताया कि इससे पहले कई बार उसके परिवार व घर के बारे में जानकारी करने का प्रयास किया गया, मगर वह इस बारे में कुछ नहीं बता सका। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर आशीष पुंडीर का कहना है कि मृतक काफी समय से यहां रह रहा था और उसकी बीमारी से मौत होने की बात सामने आ रही है। संवाद