बड़ौत। एक गांव की रहने वाली 10वीं की छात्रा को पड़ोस के एक युवक ने घर बुलाकर कोल्डड्रिंक्स में नशीला पदार्थ पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवक ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली और उसे ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी छात्रा का अपहरण करने की धमकी भी दे रहा है, जिससे उसने स्कूल जाना छोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी 10वीं कक्षा में पढ़ती है। उसे 28 अगस्त को पता चला कि पड़ोस का रहने वाला युवक 25 जुलाई को उसकी बेटी को अपने घर ले गया। वहां उसे कोल्डड्रिंक्स में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसकी बेटी की वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता है कि अपने परिवार वालों को खाने में नशे की गोलियां खिलाए और उसके बाद उसके पास आए।
आरोप है कि जब आरोपी को पुलिस में शिकायत करने जाने के बारे में पता चला तो उसने उनकी बेटी का अपहरण करने के साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने सोमवार रात को प्राथमिकी दर्ज कर ली। सीओ अंशु जैन के अनुसार आरोपी को तलाश किया जा रहा है, उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।