बड़ौत। हिलवाड़ी गांव में रविवार को शटडाउन लेकर लाइनमैन काम कर रहे थे। आरोप है कि तभी एसएसओ ने बिजली सप्लाई चालू कर दी, जिससे करंट की चपेट में आने से लाइन पर काम कर रहा लाइनमैन शीतल और साइकिल सवार बच्चा देव झुलस गए। देव की साइकिल में चिंगारी उठने से आग लग गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा भी किया।
रविवार शाम कब्रिस्तान के पास बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया था। सूचना मिलने पर पहुंचे कर्मचारियों ने शटडाउन लेकर मरम्मत का काम शुरू किया। इसी दौरान देव साइकिल से वहां पहुंचा। उसने कर्मचारियों से तार में करंट होने के बारे में पूछा तो उन्होंने करंट नहीं होने की बात कहकर उसे तार के ऊपर से निकलने को कहा। देव के साइकिल समेत तार के ऊपर से गुजरते ही चिंगारी उठी और साइकिल में आग लग गई। इस दौरान लाइन पर काम कर रहा शीतल भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। घटना को लेकर ग्रामीण रामवीर, सुधीर, देवेंद्र, सुभाष, मनोज और तेजवीर आदि ने हंगामा किया। वहीं किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नु मलिक और जिलाध्यक्ष कालूराम ने भी मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वर्जन
- मामले की जानकारी मिली है। प्रथम दृष्टया एसएसओ की गलती सामने आई है। जांच में दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-ब्रजेश कुमार कौशिक अधिशासी अभियंता द्वितीय।