बागपत। सहकारी चीनी मिल बागपत में एक करोड़ रुपये से ठीक कराई गई टरबाइन 15 दिन भी नहीं चल सकी। बुधवार की सुबह साढ़े चार बजे टरबाइन फट गई और इससे गन्ना पेराई ठप हो गई। टरबाइन फटते ही दो कर्मचारियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। नीचे काम कर रहे छह कर्मचारी भी बाहर भागे। अब 15 दिन तक मिल में पेराई बंद रहेगी। वहीं किसानों ने मिल अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया। अब अन्य मिलों में गन्ना ट्रांसफर किया जाएगा।
मिल में चार नवंबर को गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया था, लेकिन सात नवंबर को मिल की टरबाइन खराब हो गई थी। इसे ठीक कराने में तीन दिन लगे थे और 10 नवंबर को मिल को चालू किया गया था। इसके बाद 13 नवंबर को फिर से टरबाइन व बॉयलर खराब होने के कारण पेराई बंद हो गई थी तो उनको ठीक कराकर 14 नवंबर को मिल दोबारा चालू कराई गई। अब चीनी मिल ने गन्ना पेराई में रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन बुधवार की सुबह साढ़े चार बजे 1.5 मेगावाट क्षमता की टरबाइन नंबर दो धमाके के साथ फट गई।
टरबाइन फटते ही देशपाल ने आठ फीट ऊपर से कूदकर तो दूसरे कर्मचारी पवन शुक्ल ने दूसरी टरबाइन के पीछे कूदकर जान बचाई, जबकि नीचे काम कर रहे छह कर्मचारी बाहर भाग गए। टरबाइन के पुर्जों के ऊपर तक उछलने से मिल का टिन शेड भी फट गया। वहीं टरबाइन के फटते ही बिजली उत्पादन ठप हो गया, जिससे चीनी मिल बंद हो गई। सूचना मिलने के बाद सुबह पांच बजे जिला गन्ना अधिकारी अशर्फी लाल, बागपत मिल समिति के सचिव अनिल यादव और मिल प्रधान प्रबंधक प्रदीप कुमार ने पहुंचकर स्थिति को देखा।
वहां गन्ना लेकर पहुंचे किसानों ने मिल में आए दिन खराबी आने के कारण हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद डीएम दिव्यांशु पटेल व एसपी पूर्णेंदु सिंह भी चीनी मिल में पहुंचे। टरबाइन की जानकारी प्राप्त करने के बाद किसानों का गन्ना अन्य चीनी मिलों में डायवर्ट कराने का निर्देश दिया ताकि किसान गन्ना डालकर खेतों में गेहूं की बुवाई कर सकें। अब मिल को दोबारा शुरू होने पर 15 दिन लगने की बात कही जा रही है।
बंगलूरू से मरम्मत होकर आई थी टरबाइन
बागपत सहकारी चीनी मिल में त्रिवेनी टरबाइन लिमिटेड बंगलूरू से यह टरबाइन मरम्मत होकर आई थी और इस पर करीब एक करोड़ रुपये का खर्च हुआ था। इसके बाद भी दो सप्ताह में ही यह टरबाइन फट गई। किसान देवेंद्र, राहुल और आसिफ समेत अन्य ने आरोप लगाया कि इस तरह से किसानों के रुपये को बर्बाद किया गया है। उन्होंने मिल अधिकारियों के खिलाफ जांच कराने की मांग की, जिससे पता लग सके कि करोड़ों रुपये का बजट खर्च करने के बाद भी इस तरह की परेशानी क्यों हो रही है।
चेन में लगा गन्ने का ढेर, सड़क तक पहुंची लाइन
मिल में गन्ना लेकर आए किसानों की बुग्गी व ट्रैक्टर-ट्रॉली की तौल करके गन्ना चेन में डलवा दिया गया, जिससे उसमें गन्ने का ढेर लग गया। इसके बाद तौल भी बंद कर दी गई और सड़क तक गन्ने से भरे ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली की लाइन लग गई। बाद में कर्मचारियों ने किसानों को घरों को भेज दिया गया। चीनी मिल अभी 15 दिन चलने की उम्मीद नहीं है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
कर्मचारी बोले-टरबाइन के फटते ही रुक गई थी सांसें
टरबाइन फटने के दौरान ऊपर मौजूद कर्मचारी देशपाल ने बताया कि बुधवार की सुबह साढ़े चार बजे टरबाइन आवाज करने लगी तो गति धीमी करने के लिए बटन दबाया। तभी एक-एक करके टरबाइन के पार्ट्स फटने लगे। जब एक पार्ट्स चेहरे के सामने से होकर दीवार पर लगा तो सांसें रुक गईं और लगा कि अब वह जिंदा नहीं बचेंगे। किसी तरह से आठ फीट ऊपर से नीचे कूदकर जान बचाई। टरबाइन फटने के बाद पार्ट्स 12 फीट तक दूर पड़े। यदि कर्मचारी इसकी चपेट में आ जाते तो उनका बचना मुश्किल था।
मिल में छा गया था अंधेरा, नहीं दिखाई दिया कुछ
जिस समय टरबाइन फटी तो वहां अंधेरा ही अंधेरा छा गया और कर्मचारियों को कुछ नहीं दिखाई दे रहा था। करीब 30 मिनट तक कर्मचारियों को कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था और अंदर जाने की किसी की भी हिम्मत नहीं हुई। अंधेरा हटने के बाद ही कर्मचारी व मिल के अफसर अंदर जा सकें।
किसानों ने अफसरों के सामने रखी समस्या किसान मंजेश, देवेंद्र सिंह, अरविंद, कालू व विपिन आदि ने डीएम व एसपी से कहा कि गन्ना पेराई बंद होने से खेतों से गन्ने की कटाई नहीं हो सकेगी और ऐसे में गेहूं की बुवाई प्रभावित होगी। उन्होंने जल्द ही समस्या के समाधान की मांग की। बाद में डीएम ने किसानों की समस्या का निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
गन्ना डायवर्ट करने का प्रस्ताव पास
बागपत सहकारी चीनी मिल के उपाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह ने बताया कि किसानों की समस्या को देखते हुए गन्ना अन्य मिलों को डायवर्ट करने के लिए बोर्ड से प्रस्ताव पास करके आयुक्त को पत्र लिखा गया है। इसके लिए डीएम से मुलाकात भी की गई और उम्मीद है कि बृहस्पतिवार से अन्य मिलों को गन्ना डायवर्ट किया जाएगा। जिससे किसानों को परेशानी न हो, क्योंकि इस समय गेहूं की बुवाई शुरू हो चुकी है और खेत खाली नहीं होने पर बुवाई में देरी होगी।
66 साल पुरानी मिल, नहीं हो रहा नवीनीकरण
बागपत सहकारी चीनी मिल 66 साल पुरानी है। मिल के नवीनीकरण करने के लिए कैबिनेट में प्रस्ताव पास हो चुका है। मिल के नवीनीकरण के लिए 300 करोड़ रुपये का बजट भी मंजूर हुआ है, लेकिन अभी तक बजट न मिलने के कारण नवीनीकरण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। मिल के नवीनीकरण होने से मिल की क्षमता दोगुना हो जाएगी। वर्तमान में रोजाना पेराई क्षमता 25 हजार क्विंटल गन्ने की है और इसके बाद 50 हजार क्विंटल की पेराई क्षमता हो जाएगी।
वर्जन
- बुधवार की सुबह साढ़े चार बजे टरबाइन फट गई थी। टरबाइन की मरम्मत पर एक करोड़ रुपये का बजट खर्च हुआ था। त्रिवेणी कंपनी को टरबाइन सही करने के लिए पत्र लिखा है और इसके बाद विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मिल में पेराई शुरू होने में दस दिन से अधिक समय लगेगा।
-प्रदीप कुमार, प्रधान प्रबंधक, सहकारी चीनी मिल बागपत