बागपत। साइबर ठगों ने यूपीआई आईडी बनाकर खेकड़ा की महिला बबीता धामा और उनकी बेटी दिल्ली पुलिस की प्रशिक्षु सिपाही निधि धामा से नौ लाख रुपये की ठगी कर ली। इसमें शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
खेकड़ा की रहने वाली विधवा बबीता धामा ने बताया कि उनकी बेटी निधि धामा दिल्ली पुलिस में प्रशिक्षण ले रही है। उसके बैंक खाते से नौ जुलाई से 16 अगस्त तक पीएनबी बैंक के खाते से 2.14 लाख रुपये निकाले गए। मोबाइल में मैसेज आने पर रुपये निकाले जाने का पता चला। इसी तरह उसकी बेटी निधि धामा के बैंक खाते से 25 मई से 16 अगस्त तक 6.86 लाख रुपये निकाले गए। उन्होंने बैंक जाकर जानकारी की तो पता चला कि यूपीआई से रुपये ट्रांसफर किए गए हैं, जबकि दोनों बैंक खातों की यूपीआई आईडी नहीं बनाई। साइबर ठगी की घटना से परिवार के लोग परेशान हैं। उन्होंने पुलिस से शिकायत करते हुए साइबर ठगों पर कार्रवाई और रुपये वापस कराने की मांग की। इस मामले में एएसपी प्रवीण सिंह चौहान का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सावधान रहकर ही साइबर ठगों से बचा जा सकता है। अपने बैंक खातों से जुड़ी जानकारी किसी के साथ शेयर न करें।