बागपत। दिवाली पर्व पर छुट्टी पर मुजफ्फरनगर में अपने घर गए विकास भवन के लेखाधिकारी रजनीश सैनी के ब्लॉक स्थित आवास के दरवाजे और ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। मंगलवार शाम आवास पर आए लेखाधिकारी को चोरी की घटना का पता चला। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
लेखाधिकारी रजनीश सैनी ने बताया कि सात नवंबर को दिवाली की छुट्टी होने पर मुजफ्फरनगर में अपने घर चले गए थे। इसके बाद मंगलवार को वापस आए और ड्यूटी पर चले गए। मंगलवार शाम ब्लॉक परिसर में स्थित आवास में पहुंचे तो बाहर का ताला लगा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दूसरा दरवाजा नीचे टूटा हुआ मिला। इसके अलावा एक कमरे का ताला टूटा हुआ, जबकि दूसरे का कुंडा उखड़ा हुआ मिला। अंदर रखी अलमारी के ताले टूटे हुए और वहां से 82 हजार रुपये, सोने की चेन, अंगूठी, कंप्यूटर की एलईडी समेत अन्य सामान चोरी मिला।सूचना मिलने पर आए पुलिसकर्मियों ने जांच की। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि जांच कराई जा रही है, जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।