अग्रवाल मंडी टटीरी। अहमदशाहपुर पदड़ा गांव के शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में हुए बवाल में पुलिस ने परिजनों को आरोपी बनाया तो बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी। शनिवार को कॉलेज में 20 से ज्यादा बच्चे परीक्षा से अनुपस्थित रहे। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर पहचान भी की।
अहमदशाहपुर पदड़ा गांव में रामलीला में निबाली गांव के विकुल और पदड़ा के गय्यूर के बेटे अल्ताफ में झगड़ा हो गया था। इसके बाद विकुल शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गए तो गय्यूर पक्ष के लोगों ने कॉलेज में घुसकर हमला कर दिया। घटना शांत कराने गए पुलिसकर्मियों पर दोनों पक्षों ने पथराव कर दिया। इसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के 21 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद प्रकाश ने बताया कि शनिवार को हुई परीक्षा में 20 बच्चे नहीं आए, जिनके परिवार वाले आरोपी बनाए गए है। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि वीडियो देखकर आरोपियों की पहचान की जा रही है, उनके नाम भी शामिल कर गिरफ्तार किया जाएगा।