बागपत। सूजरा गांव के जनता इंटर कॉलेज में पढ़ाई करने जा रही 12वीं कक्षा की छात्रा रजनी को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल छात्रा का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दी गई।
बिचपड़ी गांव की रहने वाली प्रिया ने बताया कि उसकी बहन रजनी सूजरा गांव के जनता इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा की छात्रा है। मंगलवार की सुबह वह गांव की सहेलियों के साथ अपनी साइकिल से कॉलेज जा रही थी। जैसे ही क्यामपुर गांव के कोल्हू के पास पहुंची तो पीछे से आए बाइक सवार ने रजनी की साइकिल में टक्कर मार दी, जबकि दूसरी बाइकों पर सवार अन्य छात्राएं चपेट में आने से बच गईं। हादसे के बाद चालक अपनी बाइक लेकर भाग गया। छात्रा की आंख की बराबर में गहरी चोट लगने के कारण उसे जिला अस्पताल से डॉ. विजय प्रकाश ने मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार चाहल का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।