बागपत। नंगला बहलोलपुर गांव में रेनू की एक दिन की नवजात बेटी की शनिवार की सुबह मौत हो गई। तभी गांव के युवक ने पुलिस को फोन कर चौथी बेटी पैदा होने पर हत्या करने की सूचना दे दी। वहां आए पुलिसकर्मियों ने नवजात का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। उन्होंने नवजात की मां और दादी से पूछताछ भी की।
नंगला बहलोलपुर गांव के राहुल के परिवार में तीन बेटियां हैं और उसकी गर्भवती पत्नी रेनू का शुक्रवार शाम सीएचसी में प्रसव कराया गया, जहां उसने चौथी बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद परिवार वाले जच्चा-बच्चा को लेकर घर चले गए। बताया कि शनिवार की सुबह नवजात बच्ची की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर मजदूर की चौथी बेटी की मौत होने का पता चलते ही गांव के युवक ने डायल 112 पर फोन कर दिया। युवक ने आरोप लगाया कि मजदूर के परिवार में पहले से तीन बेटियां हैं और चौथी बेटी होने पर परिवार वाले खुश नहीं थे। युवक ने मजदूर के परिवार वालों पर नवजात बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
नवजात की मौत होने का पता चलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस टीम गांव में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस की प्राथमिक जांच पड़ताल में नवजात के शरीर पर कोई ऐसा निशान नहीं मिला, जिससे हत्या की पुष्टि हो सके। पुलिस ने सच्चाई का पता लगाने के लिए शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में बच्ची की मौत होने के कारणों का पता नहीं चला और प्रयोगशाला में जांच कराने के लिए विसरा सुरक्षित कर लिया गया।
रात में दो बार पिलाया दूध, सुबह मौत होने का पता चला
रेनू ने बताया कि उसके परिवार में तीन बेटियां माही (7), परिधि (4), जिया (3) साल हैं। शुक्रवार शाम सीएचसी में प्रसव होने पर चौथी बेटी को जन्म दिया। इसके बाद परिवार वाले सीएचसी से छुट्टी दिलाकर घर ले गए थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे और फिर तीन बजे उसने नवजात बेटी को दूध पिलाया। कमरे में पंखा चलने के कारण नवजात बच्ची को चादर के नीचे लेटाकर सुला दिया था। इसके बाद शनिवार की सुबह करीब छह बजे नींद से जागी तो बेटी में कोई हलचल नहीं हुई। इसकी जानकारी सास-ससुर समेत अन्य लोगों को दी तो सीएचसी में दिखाने ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिसकर्मी आ गए और जांच में जुट गए।
वर्जन-
नवजात बच्ची की मौत होने के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत होने के कारण स्पष्ट नहीं हुए। इस मामले में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-सूरज कुमार राय, एसपी