बालैनी। दत्तनगर मार्ग पर चकबंदी देवता मंदिर के पास शनिवार को बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अरशद निवासी खिंदौड़ा जिला गाजियाबाद की कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। इससे कार में सवार अरशद और उनके परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को कार से निकालकर निजी अस्पताल में उपचार कराया।
घायल अरशद ने बताया कि वह शनिवार को हमीदा, अनीसा, असलम, आमना, शबाना और बच्ची फातिमा के साथ अमीनगर सराय में रिश्तेदारी में हुई मौत में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार दत्तनगर मार्ग पर चकबंदी देवता मंदिर के पास पहुंची तो सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित हो गई और खेत में पलट गई। इससे अरशद समेत अन्य सदस्य कार में फंस गए। राहगीरों ने खेत में गिरी कार से घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर एमपी सिंह का कहना है कि घायलों की हालत ठीक है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।