बागपत। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को जिला अस्पताल में दुष्कर्म पीड़िता किशोरी (16) और उसकी 12 दिन की नवजात बच्ची का डीएनए सैंपल लिया गया। इससे पहले जेल भेजे गए आरोपी दानिश का डीएनए सैंपल लिया जा चुका है। अब लैब में तीनों के डीएनए सैंपल का मिलान कराया जाएगा।
मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव की रहने वाली किशोरी अपने माता-पिता के साथ क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर काम कर रह रही थी। बताया कि मार्च माह में दानिश निवासी उमरपुर जिला मुजफ्फरनगर किशोरी को घुमाने के बहाने अपने साथ राजस्थान के भरतपुर लेकर चला गया और वहां छोड़कर आरोपी भाग गया। नारी निकेतन से परिवार वाले किशोरी को लेकर अपने घर आए। जून माह में किशोरी के गर्भवती होने के बारे में परिवार वालों ने आरोपी दानिश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। 10 दिन पहले किशोरी ने बेटी को जन्म दिया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी दानिश को हिमाचल से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिसकर्मी बुधवार को पीड़िता और उसकी नवजात बेटी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इस मामले में विवेचक रजनीश कुमार का कहना है कि आरोपी का डीएनए सैंपल पहले लिया जा चुका है। तीनों के मिलान की रिपोर्ट न्यायालय में भेज दी जाएगी।