बागपत। नंगला बहलोलपुर गांव में रामपाल (64) की बृहस्पतिवार में घर में ही मौत हो गई। इसमें परिवार के सदस्यों ने पिटाई से मौत होने का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। काठा गांव निवासी बबलू ने बताया कि उसके ताऊ रामपाल के परिवार में कोई बच्चा नहीं था। इसके चलते उन्होंने नगला बहलोलपुर में रहने वाले परिवार के एक युवक को गोद ले लिया था। आरोप लगाया कि गोद लिए बेटे ने बृहस्पतिवार को ताऊ रामपाल के बीमार होने के बारे में बताया और उसकी मौत हो गई। बबलू ने रामपाल की पिटाई करने और इस कारण मौत होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर दी। वहां आए पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, उसकी रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का पता चलेगा और उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद