बागपत/बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर अलग-अलग हादसों में तीन की मौत हो गई। इसमें बुधवार की सुबह बड़ौली गांव के समीप मृत मिले युवक की पहचान नहीं हो सकी।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बड़ौली गांव के सीएनजी पंप के पास बुधवार की सुबह एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला, जिसकी उम्र 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ग्रामीणों को बुलाकर पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। उधर, निवाडा गांव निवासी तराबुद्दीन ने बताया कि उसका भाई अबरार दूध लेने के लिए सोनीपत मोड़ पर जा रहा था। सोनीपत मार्ग पर नाले के समीप एक बाइक ने टक्कर मार दी। उसका मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा था, जहां उसकी मौत हो गई। बागपत पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पता लगाया जा रहा है।
-
घायल सफाईकर्मी की मेरठ के अस्पताल में मौत
अमीनगर सराय। घटौली गांव निवासी गुलशन ने बताया कि उसका भाई राजेश (35) पिलाना गांव में रहता था और पिलाना सीएचसी में सफाईकर्मी पद पर तैनात था। सात जुलाई को डौला सीएचसी पर जाते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से राजेश घायल हो गया। घायल को डौला सीएचसी से मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ के अस्पताल में 20 जुलाई को राजेश की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।