रमाला। ककड़ीपुर गांव में छापामारी कर बिजली चोरी पकड़े गए विजिलेंस टीम के कर्मियों पर उपभोक्ता रविंद्र और उसके बेटे मोंटी ने गाली-गलौज कर हमला कर दिया। वहां आए पुलिसकर्मी एक हमलावर को पकड़कर ले गए। उधर, अवर अभियंता देवेंद्र कुमार ने रमाला थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
अवर अभियंता देवेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर ककड़ीपुर गांव में विजिलेंस टीम के साथ मिलकर छापामारी की गई। छापामारी में उपभोक्ता रविंद्र के घर के बाहर लगे मीटर में गड़बड़ी मिली। उसकी वीडियो बनाने पर रविंद्र और उसका बेटा मोंटी वहां आ गए। आरोप लगाया कि दोनों ने विजिलेंस टीम के कर्मियों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। साथ ही दोबारा छापामारी करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिसकर्मियों के आने पर रविंद्र वहां से भाग गया, जबकि उसके बेटे को पकड़ लिया गया। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।