बागपत। शामली जिले के कसेरवा खुर्द निवासी विवाहिता छाया की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों ने डीआईजी से शिकायत की। उन्होंने फरार हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। कसेरवा खुर्द निवासी तरुण ने बताया कि उसकी बहन छाया की 18 जुलाई को ससुराल वालों ने हत्या कर दी थी। इसमें मृतका के पति पंकज, ससुर सुभाष, संतोष और सागर निवासी छपरौली चुंगी बड़ौत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि 18 जुलाई को दर्ज हुए मुकदमे में अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, जबकि फरार आरोपियों की तरफ से कुछ लोग समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। समझौता नहीं करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने बड़ौत पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया। इस मामले में बड़ौत पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। इसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।