बिनौली। प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभ दिलाकर मकान बनवाने का झांसा देकर बिनौली की रेखा से तीन लाख रुपये की ठगी कर ली गई और रुपये वापस मांगने पर धक्के देकर घर से भगा दिया। इसमें न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने एक महिला समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रेखा ने बताया कि दो साल पहले गांव के ही गौरव उर्फ सोनू ने प्रधानमंत्री आवास योजना से उसका मकान बनवाने का झांसा दिया। इसके बदले उससे तीन लाख रुपयों की मांग की गई। उसने परिवार वालों और रिश्तेदारों से रुपये मांगकर गौरव को दे दिए। इसके बाद मकान बनवाने के लिए कहने पर गौरव ने अभद्रता शुरू कर दी और फोन भी रिसीव करना बंद कर दिया। उसने पांच जून को अपने पति के साथ गौरव के घर जाकर तकादा किया तो जातिसूचक शब्दों से गालियां देते हुए उसे भगा दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर गौरव, मंजू, मनीष और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलापु मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।