बिजनौर। सोना चांदी के आसमान छू रहे दाम के चलते शादी के लिए आभूषण खरीदना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। ऐसे में अगर चोरी हो जाए तो कमर ही टूट जाती है। जी हां, सहकारी समिति के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के घर में बेटे की बरात के 14 दिन पहले ही चोरों ने सेंधमारी कर दी। करीब छह लाख रुपये के आभूषण और महंगी साड़ियां चोरी कर ली गईं। शिवालाकलां थाना क्षेत्र के गांव फीना निवासी अरविंद कुमार गांव स्थित किसान सहकारी समिति में चपरासी हैं। अरविंद कुमार ने बताया कि उनका बेटा सौरभ चौहान फरीदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है और अपनी शादी के लिए घर आया हुआ है। घर में शादी की तैयारियों के साथ साथ रंगाई-पुताई का कार्य भी चल रहा है। 14 फरवरी को लगन होेना है।
उन्होंने बताया कि रविवार की रात दीवार फांदकर चोर घर में दाखिल हुए। उन्होंने कमरे में रखा संदूक व अटैची चोरी कर लिया और छत पर ले गए। चोरों ने छत पर संदूक और अटैची के ताले तोड़कर सोने की चेन, कुंडल, नाक का फूल, करीब आधा किलो चांदी के आभूषण और कीमती साड़ियां चोरी कर लीं। रविवार तड़के जब परिजनों ने छत पर टूटा सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। बताया कि उक्त सामान शादी के लिए खरीदकर घर में रखा था। 22 फरवरी को बेटे की बरात जानी है। अब शादी के लिए फिर से सामान खरीदना पड़ेगा। सीओ चांदपुर देशदीपक ने बताया कि तहरीर मिली है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।