शामली। महिला ने ससुराल में मारपीट कर अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर महिला थाने पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कांधला थानाक्षेत्र निवासी महिला ने एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसका विवाह नौ दिसंबर 2022 को हुआ था। पीड़िता के मुताबिक उसका विवाह उसके पति के मेरठ निवासी रिश्तेदार व उसकी पत्नी ने कराया था। विवाह के समय रिश्तेदार ने उसके पति को नोएडा में शिक्षक बताया था। विवाह के बाद उसे पता चला कि उसका पति शिक्षक नहीं है और न ही उसके पास बीएड की डिग्री है। उसे व उसके परिवार के साथ झूठ बोलकर शादी की गई।
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति रात में देर से शराब पीकर आता और उसके साथ मारपीट करता था। उसके विरोध करने पर कई कई दिन तक घर से चला जाता था। पति ने उससे मोबाइल भी छीन लिया ताकि वह अपने मायके वालों से संपर्क न कर सके। उसके सास व ससुर भी अपने पुत्र का ही समर्थन करते रहे। पीड़िता का आरोप है कि पति ने दहेज में महंगी कार की मांग की। उसके पिता ने बैंक से लोन लेकर उसके पति को टाटा सफारी गाड़ी दी। इसके बाद भी उसके साथ मारपीट की जाती रही।
पीड़िता का आरोप है कि उसके पति के कई महिलाओं व लड़कियों से अनैतिक संबंध है, जिसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पति के रिश्तेदार ने उसके कमरे में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकतें की। 13 अप्रैल 2025 को पति व अन्य ससुराल वालों ने अमानवीय व्यवहार करते हुए उसके छोटे बच्चे समेत उसे घर से निकाल दिया, तब से वह अपने पिता के घर रह रही है। एसपी के आदेश पर महिला थाने पर पति, सास, ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।