सनौली। शामली जिले के खूरगान गांव से गेहूं लेकर पानीपत की बाबरपुर अनाज मंडी आ रहे किसान शुभम से मोटरसाइकिल सवार छह बदमाशों ने एक लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर किसान पर हमला कर घायल कर दिया। बदमाशों ने बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सनौली थाना क्षेत्र में छाजपुर ड्रेन नंबर-2 के पास वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद बदमाश भाग गए। सूचना पर पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। किसान सनौली रोड पर एक निजी अस्पताल में भर्ती है।
किसान शुभम ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लेकर पानीपत के बाबरपुर मंडी जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें आढ़ती को एक लाख रुपये भी देने थे। दोपहर को जब वह छाजपुर गांव में ड्रेन नंबर-2 के पास पहुंचे तो दो मोटरसाइकिल पर आए बदमाशों ने ट्रैक्टर के सामने मोटरसाइकिल लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद चार ने ट्रैक्टर पर चढ़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाश उसकी जेब से एक लाख रुपये की नकदी लूटकर भाग गए।
बदमाशों के भागने के बाद शुभम ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने पीडित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-
वर्जन
किसान से लूट की सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई। बदमाशों की तलाश में तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।
-वेदपाल, प्रभारी थाना सनौली पानीपत