बड़ौत। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और निजीकरण के विरोध में बुधवार को भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसील में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
पार्टी की जिला इकाई के जिला सचिव राजेंद्र जैन के नेतृत्व मेें पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बताया कि देश की सभी व्यवस्थाओं को निजी हाथों में देने से बेरोजगारी चरम पर है। महंगाई से लोगों का जीना बेहाल हो गया है। उन्होंने बताया कोरोना की दूसरी लहर में सरकार ने जो स्वास्थ्य व्यवस्था की उसकी पोल जल्द ही खुल गई। बहुत से लोगों ने अस्पतालों के बाहर दम तोड़ दिया। पिछले सात माह से किसान रोड़ पर आंदोलन कर रहा है। उनकी कोई भी मांग पूरी नहीं की जा रही है।
उन्होंने बताया कि देश की जनता का विकास इकॉनोमिक कॉरिडोर बनाने बुलेट ट्रेन चलाने या शानदार मकान बनाने से नहीं होगा। बल्कि जनता को स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार की सुविधाएं देनी चाहिए। महंगाई पर लगाम लगनी चाहिए। इसमें मनोज मान, रामनिवास, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद हारुन, शौकत अली, रहमान, दीपक तोमर, इश्तकार, सत्येंद्र विद्रोही, सुखपाल सिंह, वीरेंद्र सिंह, अनुज, विकास, विक्रांत तोमर, इस्तिकार आदि मौजूद रहे।