खेकड़ा। दुल्हैंडी पर्व पर नगर में एक तांत्रिक ने तंत्र क्रिया के लिए गाय के पेट से भ्रूण निकाल लिया। इस पर लोगों ने उसकी धुनाई करके पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।
नगर के डूंडाहेड़ा रोड निवासी जितेंद्र तांत्रिक है। वह शुक्रवार सुबह दुल्हैंडी तांत्रिक क्रिया के लिए मोहल्ला चक्रसेनपुर निवासी अनुज के नानू मार्ग स्थित पशु आहते में घुस गया। वहां गाय के पेट से हाथ डालकर भ्रूण बाहर निकाल लिया। इसकी जानकारी पाकर आसपास के लोग पहुंच गए। उन्हें देख जितेंद्र भागने लगा परंतु उसे दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद उसे कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। भ्रूण निकाले जाने से गाय की हालत गंभीर बनी हुई है। गाय मालिक ने पुलिस से आरोपी तांत्रिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर शनिवार को चालान कर दिया। संवाद