बागपत ::: वायरल हुई विडियो में छपरौली-टांडा मार्ग पर भाजपा प्रत्याशी के रोड शो के दौरान गाड़ी पर ईं?
- फोटो : BAGHPAT
छपरौली से भाजपा प्रत्याशी सहेंद्र रमाला के काफिले पर कस्बे में कुछ युवकों ने फेंके गोबर व पत्थर
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, वीडियो के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली (बागपत)। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन जुलूस निकाल रहे भाजपा प्रत्याशी व विधायक सहेंद्र रमाला के काफिले पर गोबर व पत्थर फेंके गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया तो उनके साथ मारपीट की गई। इससे वहां काफी देर तक हंगामा होता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत किया। साथ ही वीडियो के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उधर, एसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
छपरौली विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सहेंद्र रमाला के समर्थन में काफी लंबा जुलूस निकाला गया। वह टांडा की तरफ से होते हुए छपरौली पहुंचे तो वहां पहले से खड़े कई युवकों ने काफिले की गाड़ियों पर गोबर व पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पहले हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ व प्रत्याशी सहेंद्र रमाला वाली गाड़ी पर गोबर फेंका तो सुरक्षाकर्मी गाड़ी पर चढ़कर उनके आगे अड़ गए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की गाड़ी पर भी गोबर व पत्थर फेंके। इसका भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया तो कई युवक और आ गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। इसकी सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामला शांत कराया।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया कि जुलूस की एक गाड़ी पर गोबर फेंका गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वीडियो के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।