बालैनी। बालैनी-डौलचा मार्ग पर हॉर्न बजाने पर एक दंपती पर तीन कारों में सवार युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने उन पर फायरिंग भी की, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
डौलचा गांव निवासी सौरभ यादव अपनी पत्नी शिखा यादव को मेरठ में टीईटी की परीक्षा दिलाने गए थे। शुक्रवार शाम वे वहां से लौट रहे थे। बालैनी-डौलचा मार्ग पर वाल्मीकि मंदिर के पास रास्ते में तीन कारें खड़ी मिलीं। इन कारों में 10-12 युवक बैठे हुए थे। सौरभ ने अपनी कार निकालने के लिए हॉर्न बजाकर साइड मांगी। इस पर युवकों ने गाली-गलौज की। उन्होंने सौरभ को कार से बाहर खींचकर पीटना शुरू कर दिया। जब शिखा यादव ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। हमलावरों ने उन पर फायरिंग की, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। गोली कार के शीशे में लगी, जिससे दंपती सुरक्षित रहा। इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
सौरभ ने बताया कि मारपीट में उसका मोबाइल और 60 हजार रुपये भी कहीं गिर गए। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद तुरंत प्राथमिकी दर्ज की है। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर शिवदत्त का कहना है कि हमलावरों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।