बागपत। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बागपत और शामली में चल रहे नकली दवाइयों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। बागपत, गाजियाबाद व गौतमबुद्धनगर की संयुक्त टीम ने बागपत के अलावा शामली के कैराना में मेडिकल स्टोर से एक पेटी नकली दवाइयां जब्त कर नोटिस चस्पा कर दिया। टीम ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार किया है। वहीं छह संदिग्ध दवाइयों के नमूने जांच के लिए लैब में भेजे है।
औषधि निरीक्षक मोहित कुमार दीप ने बताया कि अमीनगर सराय मोड़ पर नकली दवाओं का कारोबार किए जाने की सूचना मिली थी। शासन ने बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के औषधि निरीक्षकों की टीम बनाई गई। टीम ने बृहस्पतिवार को कस्बा अमीनगर सराय में नकली दवाई की सप्लाई करने वाले अकबर खान और आमिर को दो बैग में दवाइयों को लेकर जाते हुए सराय मोड़ से पकड़ा।
जांच के दौरान आरोपी दवाई के क्रय-विक्रय बिल और लाइसेंस नहीं दिखा पाए। इन दवाइयों को वह मेडिकल स्टोर पर सप्लाई करने के लिए जा रहे थे। इनमें से टीम ने छह औषधियों के नमूने जांच के लिए भेजे है। पूछताछ में अकबर ने बताया कि दवाइयों को नाला एलम थाना कांधला जिला शामली के रहने वाले आशु उर्फ आस मोहम्मद से लेकर आता है।
टीम ने शामली थाना पुलिस को साथ लेकर कांधला के मेडिकल स्टोर के बाहर से आस मोहम्मद को पकड़कर पूछताछ की। बताया कि कैराना के खैर मेडिकल स्टोर पर नकली दवाइयां हैं। जहां टीम पहुंची तो मेडिकल स्टोर पर ताला लगा मिला।
टीम ने एसडीएम कैराना की मौजूदगी में मेडिकल स्टोर को सील कर नोटिस चस्पा कर दिया है। वहीं टीम की ओर से पकड़े गए तीनों आरोपियों अकबर पुत्र फेरू, आमिर पुत्र नियाज, आस मोहम्मद पुत्र शब्बीर के अलावा खैर मेडिकल स्टोर के संचालक नवाजिश के खिलाफ सिंघावली अहीर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
------
यह दवाइयां हुईं बरामद
ऑगमेंटिन, ग्लैकसो स्मिथक्लाइन, पैंनटॉप डीएसआर, पैंनटॉप डी, अरिस्टो जिफी और एफडीसी बरामद की गई। वहीं दवाइयों को बरामद करने वाली टीम में मोहित कुमार दीप औषधि निरीक्षक बागपत, गाजियाबाद के औषधि निरीक्षक गाजियाबाद आशुतोष मिश्र, गौतमबुद्धनगर के औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर शामिल रहे।