बड़ौत। बिजरौल गांव में स्थित 300 साल पुराने शिव-देवी मंदिर को लेकर दो पक्षों में विवाद गहरा गया है। सोमवार को एक पक्ष के लोग बबलू, आजाद, जगवीर आदि कोतवाली पहुुंचे। वहां गांव के रविन्द्रपाल तोमर पर मंदिर के नाम पर ट्रस्ट पंजीकृत कराकर अपने अनुसार नियम व शर्तें बनाने का आरोप लगाया।
आरोप लगाया कि इस कारण अब पूजा-पाठ और रामायण पाठ बाधित हो गए हैं। उन्होंने जांच कर कार्रवाई की मांग की। वहीं दूसरे पक्ष से रविंद्रपाल तोमर ने खुद को मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष बताते हुए कहा कि गांव के केवल चार परिवार के लोगों को दिक्कत है, क्योंकि उन्होंने मंदिर की जमीन पर कब्जा कर रखा है। उनका दावा है कि मैंने मंदिर का गेट भी बनवाया और मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसलिए ही इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं सीओ विजय कुमार का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और उसकी जांच कराई जाएगी। शिकायत करने वालों में राहुल, देवेन्द्र, प्रदीप, मांगेराम, विनोद समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।