बागपत। पिलाना ब्लॉक प्रमुखी पद के दावेदारों के बीच चल रहा विवाद सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। एसपी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रविवार दोपहर बालैनी-पुरा महादेव मार्ग पर हरियाखेड़ा गांव के समीप पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनीश यादव के भाई और पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पुत्र अभयवीर यादव समर्थकों के साथ भिड़ गए थे। दोनों तरफ से हथियार लहराए गए थे। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनीश यादव के भाई सुमित यादव ने आरोप लगाया था कि वह गाड़ी से जा रहे थे। तभी रास्ते में खड़े अभयवीर यादव ने उन्हें रोक लिया और उनके ऊपर फायरिंग कर दी। वह किसी तरह वहां से बचकर थाने पहुंचे।
वहीं अभयवीर यादव ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी खराब हो गई थी और वह रास्ते मे खड़े थे। इसी दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख के भाई समर्थकों के साथ आए और उनसे अभद्रता शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो उन्होंने उन पर फायरिंग कर दी। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ बालैनी थाने में तहरीर दी थी। बालैनी पुलिस की जांच में फायरिंग की बात झूठ निकली थी। सोमवार को अभयवीर यादव के समर्थक और अनिश यादव अपने भाई के साथ एसपी से मिले। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए एसपी अभिषेक यादव से शिकायत की। एसपी ने दोनों पक्षों को जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।