छपरौली। हलालपुर गांव के मुख्य मार्ग पर दूषित पानी भरा होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिस पर ग्रामीणों का कहना है कि आधे गांव के लोग इसी मार्ग से गुजरते हैं। इसकी शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
हलालपुर के ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सफाई को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तालाब ओवरफ्लो होने से गांव में जगह-जगह जलभराव की समस्या बनी हुई है। मुख्य मार्ग पर दूषित पानी भरा होने से आवागमन में परेशानी होती है। स्कूल जाने वाले बच्चे भी गिरकर घायल हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग पर सफाई कराने की मांग को लेकर ब्लाॅक से लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों से शिकायत की गई परंतु अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने जल्द सफाई कराने और पानी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। इस अवसर पर सचिन खोखर, देशपाल, विक्रांत, हरपाल, पलटू, अशोक, पंकज, अमन एवं श्याम आदि शामिल रहे।
उधर, प्रधान सुधीर ठेकेदार का कहना है कि तालाब ओवरफ्लो होने से समस्या बनी हुई है। तालाब की खोदाई और दूषित पानी की निकासी के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिली। इसका बजट मिलते ही समाधान करा दिया जाएगा।