बिजरौल रोड पर कंटेनर में लगी आग व सामान बाहर निकालते लोग
बड़ौत। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बिजरौल रोड पर शुक्रवार रात एक कंटेनर में आग लग गई। जिससे देख चालक ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई। आग से आसपास के दुकानदारों और लोगों में भगदड़ मच गई। दमकल कर्मियों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
दरअसल एक कंटेनर राजस्थान से सामान लेकर बड़ौत पहुंचा तो बड़ौत-बिजरौल रोड रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के कारण चालक अजय ने कंटेनर को वापस मोड़ने लगा, लेकिन तभी सड़क किनारे से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में उलझ गया। इससे कंटेनर में करंट उतर आया। धमाके के साथ कंटेनर के टायर फट गए और उसमें आग लग गई।
चालक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने से मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना पर दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह कंटेनर में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पांच घंटे तक भी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था।