बागपत। बड़ौत और छपरौली के लुहारी गांव में आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है। लुहारी गांव में केवल ओपीडी की सुविधा रहेगी, जबकि बड़ौत में मरीज को भर्ती करने की सुविधा रहेगी। अस्पताल का निर्माण होने पर लोगों को इलाज के लिए बागपत की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की ओर से छपरौली के लुहारी और बड़ौत में छपरौली रोड पर अस्पताल के भवन का निर्माण शुरु हो गया है। आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों को बागपत की दौड़ लगानी पड़ती थी, मगर अब लोगों को स्थानीय ही आयुर्वेदिक इलाज की सुविधा मिलेगी। अधिकारियोंं का कहना है कि दोनों अस्पताल का निर्माण शुरु हो गया है और इसी वर्ष निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। अस्पतालों का निर्माण होने पर विभाग की ओर से स्टॉफ नियुक्त कर अस्पतालों का संचालन शुरु कराया जाएगा।
लुहारी में ओपीडी, बड़ौत में मरीज भर्ती होंगे
लुहारी गांव में कराए जा रहे अस्पताल में मरीजों को ओपीडी की सुविधा मिलेगी, जबकि बड़ौत में भर्ती करने की सुविधा मिलेगी। बड़ौत के आयुर्वेदिक अस्पताल में चार मरीजों को भर्ती करने की सुविधा रहेगी।
विभाग की ओर से बड़ौत और लुहारी गांव में आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। शासन से अनुमति मिलने पर दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य शुरु करा दिया है। लुहारी में ओपीडी जबकि बड़ौत में मरीज को भर्ती करने की सुविधा रहेगी। -डॉ. मोनिका गुप्ता, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी