लखीमपुर खीरी में प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर फूटा कांग्रेसियों का गुस्सा, हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत/खेकड़ा। लखीमपुर खीरी मेें कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तहसील पहुंचकर जमकर हंगामा-प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एसडीएम की मौजूदगी में गिरफ्तारी दी। हालांकि उन्हें तुंरत रिहा कर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
शहर कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेेटी के संयुक्त तत्वावधान में शहर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व में काफी संख्या में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। वे हंगामा-प्रदर्शन कर धरने पर बैठ गए। शहर अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि वे लखीमपुर खीरी में किसानों की हुई निर्मम हत्या का विरोध करते हैं। जब तक कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को रिहा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसके बाद सभी कांग्रेसियों ने उप जिलाधिकारी दुर्गेश मिश्र के सामने गिरफ्तारी दी। हालांकि बाद में एसडीएम ने उन्हें तत्काल रिहा करा दिया। धरने पर वरिष्ठ कांग्रेसी सतपाल पथौलिया, पूर्व कमिश्नर बेगराज सिंह, सत्यपाल पंवार, सचिन देव, सतीश सैन, राजीव सैन, अशोक, प्रदीप शर्मा, हेमंत, राकेश सौदाई, कृष्णपाल, यशवीर सिंह, योगेश सोती, अनिल तोमर बावली, सुरेश, सोनू त्यागी, शमीम खान, देवेंद्र नंबरदार, निशांत तोमर, नरेश वाल्मीकि, कुलदीप वर्मा शामिल रहे।
उधर, खेकड़ा में भी कार्यकर्ताओं ने तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देने लखीमपुर खीरी जा रही थी। प्रदेश की तानाशाह सरकार ने उन्हें रोककर लोकतंत्र की हत्या की है। उन्हें तीन दिन से सीतापुर गेस्ट हाउस में रखा जा रहा है। उन्हें तुरंत रिहा किया जाए। इस बाबत कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसके बाद लखीमपुर खीरी के मृत किसानों को श्रद्धांजलि दी। यहां खेकड़ा ब्लॉक अध्यक्ष सुनील त्यागी, नसीम, हसमत चौधरी, उस्मान खां, अधिवक्ता दीपक पाराशर, संजू कुमार, शमशाद अली, इमरान आदि मौजूद रहे।