बालैनी (बागपत)। बालैनी-पुरा महादेव मार्ग पर रविवार दोपहर पिलाना ब्लॉक प्रमुख पद के दो दावेदारों में टकराव हो गया। उन्होंने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बालैनी-पुरा महादेव मार्ग पर हरियाखेड़ा गांव के समीप पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनीश यादव के भाई और पूर्व ब्लॉक प्रमुख के पुत्र अभयवीर यादव अपने समर्थकों के साथ भिड़ गए। दोनों तरफ से हथियार लहराए गए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनीश यादव के भाई सुमित यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़े अभयवीर यादव ने उन्हें रोक लिया और फायरिंग कर दी। वह किसी तरह बचकर थाने पहुंचे। वहीं, अभयवीर यादव ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी खराब हो गई थी और वह रास्ते में खड़े थे। इसी दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख के भाई समर्थकों के साथ आए और उनसे अभद्रता शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो उन पर फायरिंग कर दी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ बालैनी थाने में तहरीर दी है। बालैनी एसओ नरेश कुमार का कहना है कि उन्होंने घटनास्थल पर जाकर जांच की तो दोनों तरफ से ही फायरिंग की बात झूठ निकली। उन्होंने आलाधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।