-डीएम ने गोशाला का निरीक्षण किया, बोले-गुणवत्ता के साथ किया जाए कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शहर के दिल्ली रोड स्थित रिवर पार्क के पास निर्माणाधीन गोशाला का डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को एक फरवरी तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा कान्हा गोशाला का निर्माण किया जा रहा है। यह गोशाला एक करोड़ 63 लाख रुपये से बनाई जा रही है। गोशाला का निर्माण होने से बागपत नगरीय क्षेत्र और आसपास के गांवों के 500 संरक्षित पशुओं को रखा जाएगा। इससे किसानों के खेतों में खड़ी फसल को नष्ट होने से बचाया जा सकेगा। साथ ही सड़क दुर्घटनाएं भी रोकी जा सकेंगी। इससे संरक्षित पशुओं का भी ठीक से ध्यान रखा सकेगा।
उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों व ठेकेदार को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता परक हो और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कार्य समय सीमा के अंदर किया जाए।