बागपत। पाला और शीतलहर से लोग दिन भर कांपते रहे। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली, मगर सर्दी से राहत नहीं मिली। शाम होते ही सर्दी का प्रकोप बढ़ गया और लोग अपने घरों में दुबक गए। शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान छह डिग्री रहा।
सुबह के समय पाला और शीतलहर से लोगों की कंपकपी छूट गई। लोग देर तक घरों में दुबके रहे। सुबह के समय लोग सर्दी से बचाव के लिए अलाव सेकते रहे। दोपहर में तीन दिन बाद हल्की धूप खिली तो थोड़ी राहत मिली। दोपहर में लोग घरों के बाहर और छतों पर धूप सेकते नजर आए, मगर दिन ढलते ही सूरज छिप गया और सर्दी बढ़ने पर लोग फिर से घरों में कैद होने के लिए मजबूर हो गए। ठंड के चलते सुबह और शाम को बाजारों में लोगों चहल-पहल कम रही। सर्दी और ग्राहक कम होने के कारण नगर के बाजार भी जल्दी बंद हो रहे है।
उधर चिकित्सक लोगों को सर्दी से बचाव के लिए पूरे कपड़े पहनने और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने सर्दी में बीमारी से बचाव के लिए विटामिन सी युक्त फलों का सेवन करने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।