सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि सीएचसी पर लगने वाली हेल्थ एटीएम मशीन से रैपिड डायग्नास्टिक चेकअप, त्वचा की जांच, के अलावा, नाक, कान, आंख, ब्लड प्रेशर, बुखार, ईसीजी, एचआईवी, कॉलस्ट्रोल, थाइराइड, शुगर, ब्लड शुगर, हिमोग्लोबिन, डेंगू, मलेरिया, आक्सीजन का लेवल, प्रेगनेंसी, फैट, प्रोटीन, गुर्दे व मूत्र की जांच सहित 52 जांचें होंगी।
मशीन लगने पर सीएचसी पर आने वाले मरीजों को जांच कराने के लिए जिला अस्पताल या फिर प्राइवेट लैब की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। हेल्थ एटीएम पर एक कर्मी मौजूद रहेगा, जो मरीजों की जांच करेगा। जांच के बाद एटीएम मशीन की तरह ही इससे जांच रिपोर्ट पर्ची निकलेगी। यह मशीन मरीज की जांच के बाद उसका डायट चार्ट और मेंटल स्ट्रेस के बारे में जानकारी देगी।
ज्वाइंट डायरेक्टर और सीएमओ ने किया सीएचसी का निरीक्षण
ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. अशोक तालियान और सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने सीएम के आगमन से पहले सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सीएचसी पर तैनात चिकित्सकों व कर्मचारियों को कार्यक्रम को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के भी निर्देश दिए।
एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी संभाल रहे सुरक्षा व्यवस्था
सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक हजार से ज्यादा अधिकारियों व कर्मियों को लगाया गया है। सीएम के मवीकलां और बागपत आने-जाने के दौरान दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर यातायात बाधित हो सकता है।
यह भी पढ़ें: Murder: चीखते रहे परिजन, चाकू से वार करता रहा हिस्ट्रीशीटर, हत्या के बाद जातीय तनाव
सीएम के दौरे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी नीरज कुमार जादौन व डीएम राजकमल यादव ने शनिवार को पुलिस लाइन में अधिकारियों व कर्मियों की बैठक ली। जहां उनको सुरक्षा व्यवस्था के दौरान ड्यूटी सही तरीके से करने के निर्देश दिए गए।
एसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में नौ एएसपी, 15 सीओ, 30 इंस्पेक्टर, 250 एसआई, 30 महिला एसआई, 580 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 35 महिला कांस्टेबल, 50 यातायात पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। इनके अलावा तीन कंपनी पीएसी व चार फायर टेंडर भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।