होली के त्योहार पर घर लौटने वाले प्रवासियों से करोना संक्रमण का खतरा
स्वास्थ्य विभाग ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत स्कूल व कॉलेजों में बढ़ाई निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। होली का त्योहार व पंचायत चुनाव के मद्देनजर बड़ी संख्या में जनपद में लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों ने प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान से घर वापसी करने वालों पर कड़ी निगाह रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चौकसी बरती जा रही है।
जनपद के युवा बड़ी संख्या में दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब आदि राज्यों में रोजगार करते हैं। जून में अनलॉक होते ही ज्यादातर लोग पुराने रोजगार पर चले गए। अब होली और पंचायत चुनाव को लेकर प्रवासियों का घर आना तय है। उधर, कई राज्यों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने से शासन-प्रशासन परेशान है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने प्रदेश के सभी जिलों को महाराष्ट्र एवं केरल से आने वाले यात्रियों की कोविड जांच व लक्षण मिलने पर क्वारंटीन करने का निर्देश दिया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर रेलवे स्टेशन मास्टर व बड़ौत डिपो के एआरएम से संपर्क कर ऐसे यात्रियों की सूची मांगी जा रही है। बताया कि लक्षण युक्त व्यक्ति का एंटीजन टेस्ट कराया जाएगा। सभी को एक सप्ताह के लिए होम क्वारंटीन होने की सलाह दी जाएगी।
फिर सक्रिय होंगी ग्राम निगरानी समितियां
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने ग्राम निगरानी समिति एवं मोहल्ला निगरानी समिति को फिर सक्रिय करने का निर्देश दिया है। इसके अतिरिक्त आमजन को भी शारीरिक दूरी का पालन व मास्क लगाने की सलाह देने के साथ ही हैंड सैनिटाइजेशन की सलाह दी जा रही है।
कोविड जांच का कार्यक्रम
-15-16 मार्च में स्कूल-कॉलेज में छात्र व स्टाफ।
-17 मार्च में दूसरे शहरों की यात्रा या नौकरी कर अपडाउन करने वाले लोग।
-18 मार्च को खाने-पीने की स्टॉल लगाने वाले, पान विक्रेता।
-19 मार्च मेें मिष्ठान भंडार व डेयरी स्टाफ।
-20 मार्च को रिक्शा चालक।
6-21 मार्च मेें रोडवेज, निजी बस स्टाफ ।
7-22 मार्च में रंग-पिचकारी बेचने वाले ।
8-23 मार्च में रेस्टोरेंट-होटल स्टाफ ।
9-24 मार्च में मॉल स्टाफ, बाजार।
10-25 मार्च में होली की सामग्री बेचने वाले।
11- 26 मार्च में बाहर से आने वाले लोग।
12-27 मार्च में शराब-ठंडाई विक्रेता ।
मुकेश पंवार