बागपत। टीकाकरण में ड्यूटी लगाने के विरोध में सीएचओ (कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर) ने मंगलवार को सीएमओ कार्यालय पर हंगामा किया। उन्होंने टीकाकरण में ड्यूटी लगाने के साथ ही ई-कवच पोर्टल पर सूचना अपलोड करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। समस्या के समाधान के लिए धरने पर बैठ गए तो स्वास्थ्य अधिकारियों ने उन सभी पर बिना सूचना स्टेशन छोड़कर आने के कारण कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीएचओ का कहना था कि निदेशक की गाइडलाइन में सीएचओ को टीकाकरण में केवल सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने मौखिक रूप से महिला स्वास्थ्य कर्मियों के स्थान पर सीएचओ से टीकाकरण कराने के निर्देश दिए हैं। इस तरह उन पर जबरन टीकाकरण का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह से उन पर दबाव बनाया जाएगा तो वह आंदोलन करेंगे।
उन्होंने सीएमओ के नाम डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह को ज्ञापन देकर टीकाकरण में ड्यूटी नहीं लगाने की मांग रखी। ज्ञापन देने वालों में आशीष, अनंत शर्मा, नीतू सिंह, आलम अली, ज्योति सहित अन्य सीएचओ मौजूद रहे।
- पहले प्रशिक्षण दिया जा चुका है
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. दीपा का कहना है कि सीएचओ को शासन की गाइडलाइन के अनुसार टीकाकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उनको केवल टीकाकरण में सहयोग करना है। इसके अलावा उनकी ड्यूटी अन्य कार्यों के लिए लगाई जाएगी तो वह उसका भी विरोध करेंगे। सभी को अपने विभागीय कार्य करने होंगे।