सुबह स्मॉग की चादर में लिपटा रहा शहर, सांस लेने में हुई तकलीफ
शाम को एक्यूआई 193 पहुंचा, जयभीम नगर में सबसे अधिक 254 दर्ज
ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण का असर बरकरार
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। मौसम में उतार-चढ़ाव और तापमान में गिरावट के बीच मेरठ की हवा में प्रदूषण का असर बरकरार है। रविवार सुबह स्मॉग की चादर छाई रही। हालांकि पिछले 24 घंटे के मुकाबले प्रदूषण के स्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन हवा की गुणवत्ता में कोई खास सुधार नहीं हुआ। शाम को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 193 दर्ज किया गया, जबकि जयभीम नगर में यह 254 तक पहुंच गया।
रविवार को अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ने के साथ हवा में प्रदूषक तत्वों की मौजूदगी लोगों को परेशान कर रही है। सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम में बदलाव के बावजूद प्रदूषण से राहत नहीं मिल पा रही है।
शाम को जारी आंकड़ों के अनुसार, बागपत का एक्यूआई 190, गाजियाबाद का 224, मेरठ का 193, मुजफ्फरनगर का 218 और शामली का 215 दर्ज किया गया। मेरठ के निगरानी केंद्रों में जयभीम नगर सबसे अधिक प्रदूषित रहा। यहां एक्यूआई 254 रहा। गंगानगर में 174, पल्लवपुरम में 174, एमआईईटी में 161 और सेक्टर-4सी शताब्दीनगर में 200 दर्ज किया गया।
कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि तापमान में गिरावट के साथ ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।