बागपत में अग्रवाल मंडी टटीरी के सभासद पीयूष गुप्ता ने चेयरपर्सन सीमा ठाकुर, उनके पति समेत चार लोगों पर गाली-गलौच, मारपीट कर फांसी लगाकर मारने का प्रयास करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा एसपी से शिकायत की। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज हुई।
सभासद पीयूष गुप्ता ने एसपी को दिए पत्र में बताया चेयरपर्सन सीमा ठाकुर ने कस्बे के विकास कार्यों में करोड़ों रुपये का गबन किया। इसकी जिलाधिकारी से शिकायत की। गबन का आरोप सिद्ध भी हो चुका है। इससे चेयरपर्सन सीमा ठाकुर उनसे रंजिश रखती है। वे 20 अप्रैल को नगर पंचायत के कर्मचारी अंकित शर्मा के मीतली गांव में शादी समारोह में भाग लेकर बाइक से लौट रहे थे। मीतली गांव के कॉलेज के पास पहुंचे ही पीछे से एक कार आई। ऑवरटेक करके उन्हें रोक लिया।
कार में सवार चेयरपर्सन सीमा ठाकुर, उनके पति आमोद कुमार, जेठ विनोद कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति उन्हें ईख के खेत में ले गए। चेयरपर्सन सीमा ठाकुर और उनके पति ने मारपीट कर उनके गले में चुन्नी डालकर फांसी लगाकर मारने का प्रयास किया। शोर शराबा होने पर आरोपी धमकी देकर चले गए। इस मामले में कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ (धारा 323,504, 506 आईपीसी) में रिपोर्ट दर्ज हुई है। कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव ने कहा केस की विवेचना कर कार्रवाई होगी।