बागपत। नगर पंचायत अग्रवाल मंडी टटीरी के सफाई कर्मियों ने चेयरपर्सन के पति के खिलाफ कलक्ट्रेट में पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने चेयरमैन के पति पर मारपीट करने व अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए डीएम से कार्रवाई करने की मांग की है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने आरोप लगाया कि कार्यालय में चेयरमैन सपना का पति बैठा रहता है। वह सभी के कार्यों में हस्तक्षेप करता है। सफाई कर्मियों को बिना वजह परेशान करना, नोटिस भेजना और उनके साथ मारपीट कर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करता है। आरोप है कि सफाई नायक के साथ भी मारपीट की गई है। चेयरमैन के पति के व्यवहार से वह परेशान हो चुके हैं।
उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो सभी सफाई कर्मचारी 23 अगस्त से अनिश्चित काल के लिए हड़ताल शुरू कर देंगे। इस दौरान राहुल, संजीव, बीरसैन, सागर, राजकुमार, विकास कुमार, आकाश, राजीव, जोगिंद्र, रेखा, सीमा, गूड्डी, पिंकी, संदीप कुमार, टिंकू मौजूद रहे।
- सफाई कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोप गलत है। उन्होंने सिर्फ सफाई कर्मियों को कस्बे की सफाई सही तरीके से करने के लिए कहा है। किसी भी कर्मी के साथ मारपीट नहीं की गई है। - दीपक, चेयरमैन के पति