बड़ौत। कोरोना संकट से जूझ रही अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 14 फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ा दिया है। सरकार का कहना हे कि इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। इसे लेकर कई किसानों ने सरकार की तारीफ की तो किसी ने इसको नाकाफी बताया।
आय में होगा इजाफा
बड़ौत। किसान राकेश ने कहा कि धान का समर्थन मूल्य पिछले वर्ष 1815 रुपये था। केंद्र सरकार ने इसे बढ़ाकर 1886 रुपये कर दिया है। इससे किसानों की आय में इजाफा होगा।
खुशहाल होगा किसान
बड़ौत। किसान सुशील ने कहा कि सरकार की ओर से फसलों के समर्थन मूल्य बढ़ने से किसानों को राहत मिलेगी। जब किसान खुशहाल होगा तभी देश की तरक्की होगी।
किसानों को राहत मिलेगी
बड़ौत। किसान योगेन्द्र ने कहा कि जनपद में किसान काफी धान की बुवाई करते है। यहां पर धान की उपज अच्छी होती है। धान के समर्थन मूल्य के बढ़ने से किसानों को राहत मिलेगी।
खाद व बीज पर दे ध्यान
बड़ौत। दुष्यंत ने खरीफ के फसलों के बढ़ाए गए समर्थन मूल्य को नाकाफी बताया। कहा कि सरकार को किसानों को खेती के लिए खाद व बीज पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
मजबूत होगी किसानों की आर्थिक स्थिति
बड़ौत। राजकीय बीज भंडार पर तैनात एसडीओ कृषि तेजपाल चौहान व एडीओ कृषि रक्षा नरेश कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से खरीफ की 14 फसलों में धान, ज्वार, बाजरा, रागी, मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सूरजमुखी बीज, सोयाबीन, तिल, रामतिल, कपास का समर्थन मूल्य बढ़ा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और किसान मन लगाकर अपने उपज बढ़ाने का प्रयास करेंगे।