गाजियाबाद के लिए भी
-सीबीआई ने छापा मारते ही सभी खाताधारकों को बैंक से बाहर निकाला
-स्थानीय पुलिस को तैनात करके कर्मचारियों के बाहर आने व अंदर जाने पर रोक लगाई
-बैंक शाखा प्रबंधक को घर ले जाकर रुपये तलाश किए, आसपास के मकान भी नहीं छोड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत) सीबीआई के भ्रष्टाचार निरोधक सेल की टीम सोमवार देर रात तक पंजाब नेशनल बैंक शाखा में प्रबंधक को साथ लेकर रिकार्ड खंगालती रही। टीम ने केवल बैंक शाखा ही नहीं, बल्कि हसनपुर मसूरी गांव में प्रबंधक ललित यादव के घर जाकर भी रुपये ढूंढे। टीम को शक था कि अगर उसने पहले भी रिश्वत के रुपये लिए होंगे तो वह घर में रखे मिल सकते हैं।
सीबीआई के भ्रष्टाचार निरोधक सेल की टीम के खेकड़ा में पाठशाला चौकी के पास पंजाब नेशनल बैंक शाखा में छापा मारने का पता चलते ही स्थानीय पुलिस भी वहां पहुंच गई। सीबीआई की टीम ने कोतवाली पुलिस से बैंक शाखा के अंदर मौजूद खाता धारकों को भी बाहर निकलवा दिया। जिसके बाद टीम ने शाखा प्रबंधक से एक कक्ष में कई घंटे तक पूछताछ की। टीम ने बैंक शाखा के कंप्यूटर का डाटा खंगालने के साथ ही रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान किसी कर्मचारी को बैंक शाखा से बाहर नहीं जाने दिया गया और बैंक के अंदर जाने से सभी को रोक दिया गया। वहां से शाखा प्रबंधक ललित यादव को साथ लेकर टीम उसके घर हसनपुर मसूरी गांव में पहुंची। जहां उसके मकान को खंगाला गया और उसके साथ ही आसपास के मकानों को खंगाला गया। इसका कारण यह बताया जा रहा है कि टीम के छापा मारने के बाद पता चलने पर परिजनों ने रुपये व कागज आसपास के मकानों में छुपा दिए होंगे। इसलिए ही आसपास के मकानों को खंगाला गया। इसके साथ ही आय से अधिक संपत्ति की जांच के लिए भी कागजों को देखा गया। वहां से टीम अपने साथ प्रबंधक को लेकर दोबारा बैंक शाखा में पहुंची और वहां देर रात तक रिकार्ड खंगालती रही। टीम ने अपने कब्जे में काफी रिकार्ड लिया है। सीबीआई की इस कार्रवाई से वहां हंडकंप मचा रहा।