हजूराबाद गढ़ी में फायरिंग करने पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अमीनगर सराय। हजूराबाद गढ़ी गांव में बृहस्पतिवार रात एक मकान के बाहर कई राउंड फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लग सके।
हजूराबाद गढ़ी गांव निवासी हरबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार की रात गांव के अंकित, वंश व उनके रिश्तेदार मिट्ठू निवासी सिनौली उसके घर के बाहर आए और उसे गालियां देने लगे। आरोप लगाया कि तीनों ने उसके घर के बाहर खड़े होकर कई राउंड फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। हरबीर का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण उसके घर के बाहर फायरिंग की गई। पीड़ित ने जानमाल का खतरा भी जताया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि फायरिंग करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।