बागपत। भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट के जिलाध्यक्ष नीटू बोक्का अन्य कार्यकर्ताओं के साथ एक जनवरी की रात ढिकाना-खामपुर लुहारी मार्ग पर मिट्टी का अवैध खनन रुकवाने गए थे। खनन करने वालों ने उन पर हमला कर दिया था। इसकी सूचना पर बड़ौत कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची थी और कई वाहन बरामद किए गए थे। इस मामले में बड़ौत कोतवाली में बहादुर उर्फ बाबूराम त्यागी, शाहरुख, मुबारिक, राहुल शर्मा, विकास पांचाल, आरिफ निवासीगण बड़का रोड बड़ौत सहित अन्य कई अज्ञात के खिलाफ शिकायत दी गई थी। इसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में सोमवार को भाकियू तोमर के कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। ऐसा नहीं करने पर बड़ौत कोतवाली पर धरने की चेतावनी दी गई। एसपी नीरज कुमार जादौन ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
तेजाब उपलब्ध कराने के आरोपी की जमानत खारिज
बागपत। बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव में एकतरफा प्यार में एक युवक ने 13 दिसंबर की रात मकान में सोते हुए किशोरी पर तेजाब डाल दिया था। उसका शोर सुनकर छोटी बहन जाग गई तो उस पर भी तेजाब डाल दिया था। इस मामले में पीड़िताओं के पिता ने थाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने तभी आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया था और उसे जेल भेजा दिया था। उसे तेजाब उपलब्ध कराने के आरोपी युवक को भी पुलिस ने 26 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। अभियोजन अधिकारी अवतार सिंह का कहना है कि तेजाब उपलब्ध कराने के आरोपी ने सीजेएम कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी। घटना गंभीर होने के कारण अदालत ने सुनवाई कर याचिका को खारिज कर दिया।