बड़ौत। नगर में दिल्ली रोड पर शनिवार को नंबर लगाने को लेकर हरियाणा व बागपत के कार चालकों में मारपीट हो गई। मारपीट में हरियाणा के सात कार चालक घायल हो गए। आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों ने ही घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल कार चालक संजय, राकेश, धर्मवीर, अनिल, विशु, विक्की व अनिल हरियाणा के बहालगढ़ के रहने वाले हैं। जो बागपत जनपद के कई स्थानों से यात्रियों को हरियाणा ले जाने व छोड़ने का काम करते हैं। इसी प्रकार बागपत के भी कार चालक हरियाणा से सवारियां लाते हैं। शनिवार को कार के नंबर लगवाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी मारपीट हो गई। आसपास लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दी, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। जिला अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।