- दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
- बिजवाड़ा गांव का रहने वाला था मृतक, घायल को जिला अस्पताल किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रविवार को पशु पैठ के पास तेज गति से शामली से बागपत की ओर जा रही कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।
मृतक अमरपाल उम्र 40 साल पुत्र राजे बिजवाड़ा गांव का रहने वाला था। अमरपाल अविवाहिता था। रविवार को वह किसी काम से बाइक पर कुनबे के ही एक युवक हर्ष के साथ बड़ौत आया हुआ था। काम पूरा कर जब दोनों घर के लिए लौट रहे थे तो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पशु पैठ के पास पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। हादसे में अमरपाल की जहां मौके पर ही मौत हो गई, वहीं हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने बताया कि अमरपाल के पास हेल्मेट नहीं था, यदि वह हेल्मेट पहने हुए होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल हर्ष को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार की तलाश कर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर आने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।