अमीनगर सराय। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मंडौला गांव के निकट शुक्रवार देर रात कार और कैंटर की भिडंत में बिलौचुरा के आढ़ती समेत दो लोगाें की मौत हो गई। आढ़ती की कार में लिफ्ट लेने वाले युवक की हालत गंभीर है। आढ़ती अपनी कार से आजादपुर मंडी जा रहे थे। बिलौचपुरा गांव निवासी आरिफ (32) का दिल्ली आजादपुर सब्जी मंडी में आढ़ती का काम करते है। वह रोजाना गांव से सब्जी लेकर जाने वाले कैंटर से आजादपुर मंडी जाते थे। शुक्रवार शाम देर होने के कारण सब्जी की गाड़ी निकल गई तो वह पड़ोसी दोस्त सलमान की कार लेकर दिल्ली जा रहे थे, वह डौला गांव पहुंचे तो सब्जी की कैंटर गाड़ी भी उन्हें मिल गई। उसमे बैठा बिलौचपुरा गांव का रविंद्र कश्यप (23) उतरकर मंडी जाने के लिए आरिफ की कार में बैठ गया। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जैसे ही आरिफ की कार मंडौला गांव के समीप पहुंची तो सामने से आ रहे कैंटर के साथ भिड़ंत हो गई। यह इतनी भीषण थी कि कार कैंटर में घुस गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर कार को काटकर तीनों युवकों को बाहर निकाला।
हादसे में आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रविंद्र व लिफ्ट लेने वाले युवक को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान रविंद्र की भी मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। शनिवार को गाजियाबाद में पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव गांव लाये गये।