जिवाना टोल प्लाजा के निकट रविवार की रात हुई दो कैंटरों की टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। जिवाना टोल प्लाजा के निकट रविवार की रात दो कैंटरों की टक्कर हो गई। हादसे में एक कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे कैंटर का चालक और हेल्पर घायल हो गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायलों को बड़ौत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
दिल्ली के शाहदरा निवासी जयपाल रविवार की रात कैंटर से शामली सामान उतारकर लौट रहा था। जिवाना टोल प्लाजा के पास दिल्ली से देहरादून पशु आहार लेकर जा रहे कैंटर से उसके कैंटर की टक्कर हो गई। हादसे में जयपाल की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा कैंटर चालक राहुल पुत्र सोहन निवासी नानौता सहारनपुर और हेल्पर गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक के शव को कैंटर से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दोनों घायलों को बड़ौत के अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर शिवप्रकाश का कहना है कि घटना की तहरीर नहीं मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।